गुरुवार, 4 अगस्त 2011

जितेन्द्र जौहर की कवितायें

जितेन्द्र 'जौहर' का जन्म 20 जुलाई,1971 को कन्नौज में हुआ| उन्होंने अंग्रेजी भाषा एवं साहित्य में परास्नातक पूरा किया| सम्प्रति वे ए. बी. आई. कॉलेज, रेणुसागर (सोनभद्र) में अध्यापक के रूप में कार्यरत हैं| वे गीत, ग़ज़ल, दोहा, मुक्तछंद, हाइकू, मुक्तक, हास्य-व्यंग्य, लघुकथा समेत  साहित्य की अनेक विधाओं में लेखन कर रहे हैं| वे प्रेरणा के सम्पादकीय सलाहकार और प्रयास के विशेष सहयोगी के तौर पर भी काम कर रहे हैं| तमाम पत्र-पत्रिकाओं, वेब मैग्ज़ीन्स एवं न्यूज़ पोर्टल्स पर उनकी रचनात्मक उपस्थिति महसूस की जा सकती है। साहित्य श्री, नागार्जुन सम्मान, साहित्य भारती, महादेवी वर्मा सम्मान से उन्हें अलंकृत किया जा चुका है| जौहर की कुछ रचनाएँ प्रस्तुत हैं......

१.
लम्बी दूरी है


अम्मा ने आटे के नौ-दस,
लड्‌डू बाँध दिये।
बोलीं, 'रस्ते में खा लेना,
लम्बी दूरी है !'


'ठोस' प्रेम का 'तरल' रूप,
आँखों ने छ्लकाया।
माँ की ममता देख कलेजा,
हाथों में आया।
'दही-मछरिया' कहकर मेरे,
गाल-हाथ चूमे।
समझाया कि 'सिर पे गमछा
बाँध लियो लू में !'


बार-बार पल्लू से गीली,
आँखें पोंछ रहीं ;
दबे होंठ से टपक रही,
बेबस मंजूरी है।
बोलीं, 'रस्ते में खा लेना,
लम्बी दूरी है !'


पिता मुझे बस में बैठाने,
अड्‌डे तक आये।
गाड़ी में थी देर, जलेबी-
गरम-गरम लाये।


छोटू जाकर हैण्डपम्प से,
पानी भर लाया।
मुझे पिलाकर पाँव छुए,
कह 'चलता हूँ... भाया !'


तन की तन्दूरी ज्वाला,
दर-दर भटकाती है ;
गाँव छोड़के शहर जा रहा-
हूँ, मजबूरी है!
बोलीं, 'रस्ते में खा लेना,
लम्बी दूरी है !'


ज्यों ही गाड़ी छूटी, हाय!
पिता बहुत रोये।
झुर्री वाले गाल, आँख के-
पानी से धोये !


रुँधे गले से बोले, 'लल्ला
चिट्‌ठी लिख देना...
रस्ते में कोई कुछ खाने-
को दे, मत लेना।



ज़हरख़ुरानी का धंधा,
चलता है शहरों में ;
सोच-समझकर चलना, बेटा !
बहुत ज़रूरी है !'
बोलीं, 'रस्ते में खा लेना,
लम्बी दूरी है !'


शहर पहुँचकर मैंने दर-दर
की ठोकर खायी।
नदी किनारे बसे गाँव की,
याद बहुत आयी।


दरवाज़े का नीम, सामने-
शंकर की मठिया।
पीपल वाला पेड़ और वह,
कल्लू की बगिया।



मुखिया की बातें कानों में,
रह-रहकर गूँजी ;
'घर का चना-चबेना, बेटा !
हलवा-पूरी है!'
बोलीं, 'रस्ते में खा लेना,
लम्बी दूरी है !'


 
२.            
अम्मा की दुर्दशा 


रोज़ी-रोटी मिली शहर में,
कुनबा ले आया।
बड़ी बहू को रास न आया,
अम्मा का साया।



ये कह-कहकर अम्मा पे,
गुर्राय घड़ी-घड़ी।
'कौन बनाके दे बुढ़िया को,
चाय घड़ी-घड़ी ?'


बेटे के घर बोझ बनी,
माँ की बूढ़ी काया !
बड़ी बहू को रास न आया,
अम्मा का साया।



पत्नी की जंघा सहलाने,
वाले हाथों ने ।
अम्मा के पग नहीं दबाये,
दुखती रातों में !


रूप-जाल में कामुकता ने,
इतना उलझाया।
बड़ी बहू को रास न आया,
अम्मा का साया।

 

माँसहीन हाड़ों पे सर्दी,
ने मारे चाँटे।
अगहन-पूस-माघ अम्मा ने,
कथरी में काटे।


बहू, बहू है, बेटे को भी,
तरस नहीं आया।
बड़ी बहू को रास न आया,
अम्मा का साया।



खटिया पे लेटीं अम्मा,
सिरहाने पीर खड़ी।
बहू मज़े से डबल-बेड पर,
सोये पड़ी-पड़ी।


क्या मतलब, अम्मा ने खाना-
खाया, न खाया !
बड़ी बहू को रास न आया,
अम्मा का साया।


रात-रातभर खाँस-खाँसकर,
साँस उखड़ जाती।
नींद न आती, करवट बदलें,
पकड़-पकड़ छाती।


जीवन पर मँडराती, पतझर-
की काली छाया !
बड़ी बहू को रास न आया,
अम्मा का साया।





३.
बँटवारा 
  

बेटों ने आँगन में इक
दीवार खड़ी कर दी ;
पिता बहुत हैरान,
उधर महतारी सिसक रही !



बड़कू बोला, "अम्मा के
सारेऽऽऽ गहने लेंगे !"
मझला पूछे, "बगिया वाला
खेत किसे देंगे ?"



ये सवाल सुन, मइया का दिल
चकनाचूर हुआ ;
बूढ़े पाँवों के नीचे की
धरती खिसक रही।
पिता बहुत हैरान,
उधर महतारी सिसक रही !



बँटवारे ने, देखो! कितनी
राह गही सँकरी।
बड़कू ने गइया खोली, तो
मझले ने बकरी !



रस्सी थामे निकल पड़े, ले
नये ठिकाने पर ;
मुड़-मुड़ खूँटा ताके बेबस
बछिया बिदक रही !
पिता बहुत हैरान,
उधर महतारी सिसक रही!



छोटू तो छोटा ठहरा,
कुछ बोल नहीं पाया।
उसके हिस्से आया,
अम्मा- दद्‌दा का साया।



"गइया और मड़इया तो
दे दो बड़के भइया !"
इतना भी कहने में उसको
लगती झिझक रही।
पिता बहुत हैरान,
उधर महतारी सिसक रही!

 
४.
हमारा दौर : कुछ चित्र


काल-वक्ष पर टाँक रहे हो,
कायरता के मंज़र जैसे !
बाहर से हलचल-विहीन पर,
भीतर एक बवंडर जैसे !



क्रोध-ज्वार मुट्‌ठी में भींचे,
साहस थर-थर काँप रहा है।
ध्वनि-विहीन विप्लव का स्वर,
अम्बर की दूरी नाप रहा है।


श्वेत-श्याममय लाल कोष्ठकों-
से विषाद-सा टपक रहा है।
भित्ति-वक्ष से सटा सिसकता,
टँगा कील पर फड़क रहा है।


मरी हुई तारीख़ों वाला,
जीवन एक कलण्डर जैसे !
बाहर से हलचलविहीन पर,
भीतर एक बवंडर जैसे !



चाटुकारिता के कौशल ने,
नाप लिये हैं शिखर समूचे।
जीवनभर तुम रहे कर्मरत्
एक इंच ऊपर न पहुँचे।


गतिमय स्थिरता के साधक !
लहर-वलय में ख़ूब विचरते।
सीमाओं में बँधे निरंतर,
पर असीम का अभिनय करते।



ठहरे हुए जलाशय-से हो,
सपने किन्तु समुन्दर जैसे!
बाहर से हलचल-विहीन पर,
भीतर एक बवंडर जैसे!



धरा-धाम की प्यास विकल है,
मेघ सिंधु में बरस रहे हैं।
वृक्ष खड़े निर्पात, सरोवर-
बूँद-बूँद को तरस रहे हैं।


सीख लिया है आँख मूँदना,
कर्ण-कुहर अब नहीं खोलते।
कुछ भी होता रहे कहीं पर,
अधर तुम्हारे नहीं डोलते।



विकृत अनुयायी-स्वरूप में,
गाँधी जी के बंदर जैसे।
बाहर से हलचल-विहीन पर,
भीतर एक बवंडर जैसे !



             ५.
चुनावी मौसम
 

फिर चुनाव का मौसम आया,
इश्तिहार आये!
आकर्षक-मनभावन वादे,
बेशुमार आये!


गली-गली, चौखट, चौराहे
पर लटके वादे।
एकनिष्ठ हो सभी निशाना
वोटों पर साधे।


हंस-वेश में बग़ुले काफी
होशियार आये!
फिर चुनाव का मौसम आया,
इश्तिहार आये।


अस्पताल, सड़कें, तकनीकी
विद्यालय होंगे।
और झोपड़ी में अँगरेज़ी
शौचालय होंगे!


खादी के मन में विकास के
सद्‌विचार आये।
फिर चुनाव का मौसम आया
इश्तिहार आये।


संपर्क .....
 IR- 13/6, रेणुसागर, सोनभद्र (उ प्र) 231218.
 मो नं. +919450320472
 ईमेल :  jjauharpoet@gmail.com

सोमवार, 18 जुलाई 2011

रचती तो कविता है कवि को

साखी पर हरे प्रकाश उपाध्याय की कविताओं पर गंभीर चर्चा भले न हुई हो लेकिन लम्बे अन्तराल के बाद उनकी रचनाओं ने लोगों का ध्यान खींचा| उनकी बदहवासी पर बात हुई, उनकी बदहवासी में उनके होश पर बात हुई| अनुभूति की संपादक पूर्णिमा वर्मन, व्यंग्य यात्रा के संपादक  डा प्रेम जनमेजय, वरिष्ठ कवि उमेश सिंह चौहान  की उपस्थिति महत्वपूर्ण रही| 

  मेरे अनुज और कवि राजेश उत्साही ने हरे प्रकाश के परिचय और मनस्थिति पर कुछ सवाल उठाये| स्‍पष्‍ट नहीं हो रहा है कि कविताएं बदहवासी में लिखी गईं थीं या भेजी गईं थीं। उनकी पहली तीन कविताओं में एक तरह की बदहवासी नजर आ रही है। कवि शायद बहुत आश्‍वस्‍त नहीं हुआ है कविता लिखते हुए। उसे संभवत: कविताओं पर कुछ और काम करने की जरूरत थी। बावजूद इसके कि कविताओं में उठाए गए विषय नए हैं, पर कविताओं में पैनापन नजर नहीं आता। कविताएं चौंकाती नहीं हैं। पहली कविता इस अर्थ में सार्थक लगती है कि बहुत दिनों बाद कवि जब अपनी कविता में लौटता है तो कुछ इसी तरह से सोचता है। यह कविता अंत तक आते आते अपना मतंव्‍य बदल देती है, वह कुछ और भी कहने लगती है।
दूसरी कविता आपाधापी को समेटने का प्रयत्‍न करती हुई नजर आती है,पर मुझे लगता है कवि इसे समेटने में थोड़ा पिछड़ गया है। तीसरी कविता असल में उस नारे से आगे नहीं बढ़ती जिसका एक तरह से हरे विरोध कर रहे हैं। हरे को इस तरह की अभिव्‍यक्ति से बचना चाहिए। चौथी कविता प्रकाशित संकलन से सुभाष जी ने ली है, दोस्‍तों के बारे में बिलकुल अलग नजरिए से रूबरू कराती है। हमने शायद दोस्‍तों को इस नजर से देखा ही नहीं। पर यहां भी लगता है कि जैसे हरे कुछ कहते कहते रूक जा रहे हैं। पूरी तरह खुल नहीं रहे हैं वे।
राजेश के सवालों पर मैंने सफाई देने की कोशिश की,  आजकल हरे कुछ बदहवास से हैं, अच्छी बात ये है कि इस बदहवासी के बावजूद वे बदहोशी में नहीं गये, अन्यथा कविता होती ही नहीं। उनकी बदहवासी का कारण मैं हूं और वे होश में रहते हैं, इसका महाकारण भी मैं ही हूं। दरअसल मैंने उनके सूली पर चढ़ने की तारीख घोषित कर रखी थी, इतना ही नहीं फंदा लिये बैठा भी था। रोज तलब करते हुए कि कविताएं दो भाई। मांग पर कविता लिखना आसान नहीं होता पर यह देखना होता है कि मांग कितनी प्यारी है, कितनी नाजुक है। दिन करीब आता गया, बैठने का मौका नहीं, मांग ठुकराने की हिम्मत नहीं। फिर बदहवासी से कोई कैसे बचा सकता था। मगर कविता लिखनी थी, कोई झाड़ू तो लगाना नहीं था, सो हरे को अपना होश भी बनाये रखना पड़ा। कुल मिलाकर मैं तो इस बदहवास हरे को भी पसंद करता हूं।
राजेश चूकने वाले कहाँ,  कौन बदहवास नहीं है। कुछ होते हैं जो बदहवासी के बावजूद अपने को इस तरह से व्‍यक्‍त करते हैं कि सब कुछ ठीक ठाक है, और कुछ होते हैं कि सब कुछ ठीक ठाक होने के बावजूद इस तरह प्रस्‍तुत होते हैं जैसे सारी दुनिया का बोझ उन पर ही है। अच्‍छी बात यह है कि हरे इन दोनों श्रेणियों में नहीं आते हैं, वे जैसे हैं वैसे ही अभिव्‍यक्‍त हो रहे हैं। यह एक ईमानदार कोशिश है।  एक और बात कि कविता कभी भी मांग पर नहीं लिखी जा सकती। अगर लिखी जाएगी तो उसका हाल वही होगा, जिसका विरोध हरे खुद अपनी कविता में कर रहे हैं। मैं इस बात से सहमत नहीं हूं कि झाड़ू लगाना ऐसा काम है जिसमें होश की जरूरत नहीं होती है। मेरे हिसाब से कविता भी झाड़ू लगाती है, दिमागों में।


सद्भावना दर्पण के   संपादक और लेखक गिरीश पंकज ने कहा, हरेप्रकाश की कविताएं अपने शिल्पलोक में नए आस्वादन के साथ उपस्थित होती हैं| कविताओं में ताज़गी तो है ही, नई दृष्टि भी है| पत्रकार सत्येन्द्र  मिश्र ने कहा, कविता हरे प्रकाश के लिए ड्राइंग रूम में रखा शोपीस नहीं, वास्तविकता है जीवन की जो प्रकट होती है विभिन्न रूपों मे| प्रसिद्ध प्रवासी रचनाकार देवी नागरानी जी ने कहा, हरे के सोच की उड़ान परिंदों के पर कतरने वाली है|


वरिष्ठ कवि उमेश सिंह चौहान ने कहा कि हरे की ये कविताएं वैसी ही हैं, जैसी कविताओं के लिए उनकी पहचान बनी है। धारदार, असरदार, कपट को नंगा करतीं। बहुत अच्छा लगा उन्हें पढ़कर एक अन्तराल के बाद। पूर्णिमा वर्मन ने कहा, हरे प्रकाश उपाध्याय की कविताएँ भले ही अंतराल के बाद आयी हों मगर कुछ खोया है ऐसा नहीं लगता। शायद उन्होंने एक लंबी छलांग लगाने के लिये यह समय अपने को तैयार करने में लगाया। जहाँ पहले वे सहज और सरल अभिव्यक्ति के कारण आकर्षित करते थे, अब उसमें जीवन के अनुभव की संपन्नता व वैचारिक गहनता भी जुड़ने लगी है। लेखक और जनसेवक अमिताभ ठाकुर कहते है, मैं इन चार कविताओं को पढ़ने के बाद आराम से यह कह सकता हूँ कि एक विधा के रूप में कविता (या नयी कविता) किसी भी प्रकार से कमतर नहीं है, न ही कविता की आवश्यकता और जरूरत ही हम लोगों के लिए कम हो रही है| यदि कोई जरूरत है तो मात्र इतनी  ही कि लिखने वाला व्यक्ति हरे प्रकाश उपाध्याय हों जो कविता नहीं लिखें, अपने मन की भावनाओं को उड़ेल दें और साथ ही इस बात का भी भरपूर ख्याल रखें कि उनकी बात उचित ढंग से और आसानी से पाठकों को संप्रेषित हो रही है| लेखिका नूतन ठाकुर ने कहा, हरे प्रकाश की कविताओं में गहराई और संवेदनाओं की संश्लिष्टता है जो केवल उन्ही कवियों में हो सकती है जो बहुत अधिक गंभीरता से चीज़ों को देखते और समझते हैं|

प्रख्यात व्यंग्यकार प्रेम जनमेजय ने कहा कि  हरे प्रकाश उपाध्याय की कविताओं की स्वाभाविकता मुझे बहुत आकर्षित करती है| माघ में गिरना कविता की यह पंक्तियाँ --मैं रचता क्या उसे,रचा तो मुझे जाना था...क्या कवि कर्म कि उस ऊँचाई को साक्षात  नहीं करती हैं जहाँ कविता रची नहीं जाती अपितु वह कवि को रचनात्मकता प्रदान करती है और कवि उदात्त गुणों की ओर अग्रसर होता है| अक्सर कवि सोचता है कि वह कविता को रच रहा है पर रचती तो कविता है कवि को| सुनील अमर ने कहा, मन को छू गईं ये पंक्तियाँ! सरल, सहज और संवेदनशील ! अ-कृत्रिम ! 

लेखक और ब्लागर रवीन्द्र प्रभात ने लिखा,  हरे प्रकाश की कविताई तेवर में अवमूल्‍यन के प्रति आक्रोश तथा यथास्थितिवाद के खिलाफ परिवर्तन का स्‍वर उदघोषित हो रहा है। रूप चन्द्र शास्त्री मयंक , प्रमोद ताम्बट, आहट,  काजल कुमार, प्रकाश बादल, दिगंबर नासवा , गीता पंडित , आशुतोष, कौशल किशोर, वंदना शुक्ल , श्याम बिहारी श्यामल, विवेक जैन, डंडा लखनवी, अवनीश सिंह चौहान , फरीद खान ने भी इन कविताओं की सराहना की| प्रज्ञा पाण्डेय ने कहा, ये कवितायेँ एकदम नयी पेंटिंग जैसी हैं| नए ढंग की बिलकुल ताज़ी हवा की तरह .. आगे और भी पढ़ने की उम्मीद रहेगी| ब्रजेश कुमार पाण्डेय के अनुसार समय की तल्खियों से लैस एक ताजगी लिए ये कवितायेँ हरे भाई के विस्तृत दृष्टि परास को सामने लाती है| थोड़ी चुप्पी के बाद ही सही इस तरह आना अच्छा लगा| अरुण चन्द्र राय ने कहा, हरेप्रकश नई पीढी के सशक्त हस्ताक्षरों में से हैं|  इनकी कविता इस पीढी के द्वंद्व  और संक्रमण की कविता होती है|  जैसे मायावी संसार में वे लिखते हैं..."जहां रहने का ठौर, मन वहां न लागे मितवा/चल, यहां नहीं, यहां नहीं, यहां नहीं../ पता नहीं कहां/ चल कहीं चल मितवा...अधिकांश चीजें मायावी हैं| माघ में गिरना कविता में कविता को माघ, सावन में पाना दरअसल खुद को पाना है... खिलाडी साथी भी बेहतरीन कविता है..| 

लेखक जाकिर अली कहते हैं, उनकी कविता भी गहरे अर्थों को बयां करती हैं। उन्‍हें समझने के लिए एकाग्रता की जरूरत होती है, अन्‍यथा ऊपरी तौर पर देखने पर लोग कुछ का कुछ समझ लेते हैं।  प्रमोद रंजन कहते हैं, हरे की बातों से गुजरना मेरे लिए हमेशा एक सुखद अहसास की तरह होता है, चाहे वह गपशप में हो, या कविता में। 'मायावी यह संसार' के लिए बधाई|  लेखक विमल चंद पाण्डेय कहते हैं, हरे का कवि सारे शातिरपने को जानते हुए भी शातिरों से मुस्करा कर मिलता है लेकिन अपनी पैनी आँखों से आर-पर देख रहा होता है|

--------------------------------------------------------
६ अगस्त शनिवार को साखी पर जितेन्द्र जौहर की रचनाएँ 

शनिवार, 18 जून 2011

हरे प्रकाश उपाध्याय की चार कविताएँ

 हरे प्रकाश उपाध्याय को साखी पर प्रस्तुत करते हुए मुझे संतोष और गर्व दोनों का अनुभव हो रहा है| वे एक ऐसे युवा कवि हैं, जिन्होंने अपनी और अपने पहले और बाद की पीढ़ियों को एक साथ आकर्षित और प्रभावित किया है| बिहार में ५ फरवरी १९८१ को जन्मे इस अग्निधर्मा युवक ने लम्बी अराजक भटकन के बाद अपना दीप्त पथ बना लिया है और उस पर अब आगे बढ़ना जारी  है| हरे के शब्दों में मैं हिन्दी का एक गरीब लेखक हूँ, रोटी के लिए पत्रकारिता करता हूँ| भारतीय ज्ञानपीठ से एक कविता संकलन प्रकाशित है| वे मेरे सहयोगी भी हैं और जनसंदेश टाइम्स के फीचर संपादक के रूप में काम कर रहे हैं| मेरे सपनों के पंख की तरह| पर मैंने उन्हें बेड़ियाँ डाल रखी हैं| काम, हर दम काम| योजना, संपर्क और उस पर अमल| बीवी, बच्चों तक के लिए समय नहीं| साखी के लिए रचनाएँ मांगी तो उन्होंने बदहवासी में एक साथ लिखी तीन कविताएँ मुझे मेल कर दीं| मैंने एक और रचना उनके संकलन से उठा ली, जो बदहवास समाज के बारे में है| प्रस्तुत है हरे प्रकाश उपाध्याय की चार कविताएँ....   


१.
माघ में गिरना
कविता मिली थी
बहुत दिनों के बाद
सावन के बाद माघ में
एक पेड़ के नीचे
पत्ते बुहार रही थी
चूल्हा जलाना था उसे शायद
हमने उलाहने नहीं दिए
उसने देखा एक नजर मेरी तरफ
मैं थोड़ी दूर पर शीतल हवा में कांपते हुए पत्तों सा
ठिठुरता अपने गिरने की प्रतीक्षा करते हुए
उसे देखता रहा भौंचक

हम यों तलाश रहे थे बरसों से
एक-दूसरे को हर सावन के मौसम में
ईश्वर की लीला ही कहिए जनाब कि
माघ में जब बिना ढूंढे मिले
अचानक
तब वह मुझे ठीक से देख नहीं पा रही थी
मैं रचता क्या उसे
रचा तो मुझे जाना था...

हम देर तक देखते रहे
नहीं पता क्या-क्या
उसकी आंखों के कोर भीग गए
और मैं गिरा तो उठ न सका...

जान-पहचान नये सिरे से हो रही थी।
२.
मायावी यह संसार
अधिकांश चीजें मायावी हैं
मार तमाम संकटों के बीच ही
हँसी की बारिश
मार गुर्राहटों के बीच
कोयल की विह्वल पुकार
ऐ कोयल तुम पागल हो और एक दिन तुम पागल बना दोगी समूची दुनिया को
ऐ नदी तुम जरा इधर नहीं आ सकती शहर में
ऐ हवा, तुम अपना मोबाइल नं. दोगी मुझे
सुनो, सुनो, सुनो....
अधिकांश चीजें मायावी हैं...

जिनकी आवाजों के शोर के बजे नगाड़े
उनसे भागे जिया
जिनकी आवाज न आए
उसी आवाज पर पागल पिया..
जहां रहने का ठौर, मन वहां न लागे मितवा
चल, यहां नहीं, यहां नहीं, यहां नहीं...
पता नहीं कहां
चल कहीं चल मितवा...
अधिकांश चीजें मायावी हैं...

जिन चीजों से प्रेम वे अत्यंत अधूरी
इन अधूरी चीजों की भी महिमा गजब

यह जीवन सुखी-दुःखी एक पहेली...

जी नहीं रहे हम
बस अपनी उम्र के घंटे-पल-छिन गिन रहे बस
और इसी गुणा-भाग में एक लंबी उम्र गुजार कर
जो गए
उनके लिए मर्सिया पढ़ रहे हैं हम...
३.
कविता के बारे में एक बड़बड़ाहट
कविता, ओ कविता
क्या तुम गरीब की जोरू हो...
नहीं तो क्यों इतने सारे लोग
तुम्हें भौजाई बनाए हुए हैं
कोई तुम्हें चिकोटी काट रहा है
कोई कागज के बिस्तर पर नचा रहा है तुम्हें

कोई माइक पर गूंजते
कुछ निहायत उपयोगी शब्दों के लिबास में तुम्हें पेश कर रहा है
कोई तुम्हें बेच रहा है
कोई खरीद रहा है
खाने-कमाने का काम भी ले रहे तुमसे कुछ लोग
क्या तुम ही हमारे समय की कामधेनु

तुमसे करते हैं इतने लोग जो प्रेम
क्या सब देह-संबंधी हैं तुम्हारे?
रहने दो कुछ गोपनीय प्रश्न और भी हो सकते हैं
कुछ लोग मां कहते होंगे तुम्हें, बुरा मान जाएंगे
जाओ जीयो अपनी जिंदगी, जाओ
नदी की तरह, हवा की तरह...चाहे जैसे

पर कविता को फसल की तरह
काटनेवाले कवियों
एक न एक दिन तुम्हें हिसाब देना ही होगा...

४. 
खिलाड़ी दोस्त 
खिलाड़ी दोस्तों के बारे में
बताने से पहले ही सावधान कर दूँ कि
मेरा इशारा ऐसे दोस्तों की तरफ़ नहीं है
जो ज़िन्दगी को ही एक खेल समझते हैं
बल्कि यह उन दोस्तों की बात है जो
खेल को ही ज़िन्दगी समझते हैं
जो कहीं भी खेलना शुरू कर देते हैं
जो अक़सर पारम्परिक मैदानों के बाहर
ग़ैर पारम्परिक खेल खेलते रहते हैं


वे दोस्त
खेल के बाहर भी खेलते रहते हैं खेल
जब भी जहाँ
मौक़ा मिलता है पदाने लगते हैं
पत्ते फेंकने लगते हैं
बुझौव्वल बुझाने लगते हैं
गोटी बिछाने लगते हैं
आँखों पर कसकर बाँध देते हैं रूमाल
और दुखती रग को दुखाने लगते हैं


वे दोस्त अच्छी तरह जानते हैं
दोस्ती में खेलना
सही तरह पैर फँसाना वे जानते हैं
जानते हैं वे कब
कहाँ से मारने पर रोक नहीं पाएगा गोल
जानते हैं कितनी देर दौड़ाएँगे
तो थककर गिर जाएगा दोस्त
वे हाथ मिलाते हुए अक़सर
हमारी भावनाएँ नहीं
हमारी ताक़त आँकते रहते हैं
अक़सर थके हुए दौर में
भूला हुआ गेम शुरू करते हैं दोस्त
वे आँसू नहीं मानते
तटस्थ वसूलते हैं क़ीमत
हमारे हारने की


सुख और ख़ुशी में भले भूल जाते हों
दुख में अकेला नहीं छोड़ते
आ जाते हैं डंडा सँभाले
उदासी और थकान में
शुरू करते हैं खेल
और नचा-नचा देते हैं


दोस्त अवसर देखते रहते हैं
काम आने का
और मुश्किल समय में अक़सर
ऐसे काम आते हैं कि भूल नहीं सकते हम


हमारे गहरे अभाव
टूटन और बर्बादी के दिनों में
जब दुश्मन उपेक्षा करते हैं हमारी
दोस्त आते हैं ख़ैरियत पूछने
और हास्य के शिल्प में पूछते हैं हाल
हमारे चेहरे की उड़ती हवाइयाँ देखकर
हताश नहीं होते
वे मूँछों में लिथड़ाती मुस्कान बिखेरते हैं


दोस्त हमें हारकर
बैठ नहीं जाने देते
वे हमें ललकारते हैं
चाहे जितने पस्त हों हम


उठाकर हमें मैदान में खड़ा कर देते हैं वे
और देखते रहते हैं हमारा दौड़ना
गिरना और हमारे घुटने का छिलना
ताली बजाते रहते हैं वे
मूँगफली खाते रहते हैं
और कहते हैं
धीरे-धीरे सीख जाओगे खेल


जो दोस्त खेल में पारंगत होते हैं
खेल से भागने पर कान उमेठ देते हैं
कहते हैं, कहाँ-कहाँ भागोगे
'भागकर जहाँ जाओगे
हमें वहीं पाओगे'


खेल में पारंगत दोस्त
खेल में अनाड़ी दोस्त से ही
अक़सर खेलते हैं खेल!  

संपर्क--08853002004

शनिवार, 28 मई 2011

कुछ तीसमार खान भी

चंद्रभान भारद्वाज की गजलों के साथ साखी पर नए सिरे से हलचल शुरू हुई. कुछ मित्र आये. कुछ को शायद पता नहीं चला. चलिए चर्चा की शुरुआत तो हुई. भारद्वाज जी के बहाने एक और रोचक प्रसंग नेपथ्य में चला. उसका उल्लेख करने का लोभ संवरण मैं नहीं कर पा रहा हूँ. मैंने अपने मित्रों और साखी से जुड़े रहने वाले रचनाकर्मियों को नयी गजलों का ब्लाग-सूत्र भेजा .  प्रिय  राजेन्द्र स्वर्णकार को भी. वे साखी पर तो नहीं आये पर उन्होंने वापसी की डाक से मुझे अपनी नयी रचना देखने का न्योता दिया. उनकी रचना मैंने पढ़ी. शीर्षक था, कई मुर्दों में फिर से जान आयी. ( आप उनकी रचना देख सकते हैं ) उन्होंने लिखा, कइयों के लिए पहेली, कई मित्र तह तक पहुँच जायेंगे. चूंकि उनहोंने आमंत्रित किया था, इसलिए मैंने एक आगंतुक की तरह उनकी रचना पर छोटी सी टिप्पणी  की, अच्छी रचना हमेशा मुक्त करती है. जो निर्बंध मन की भूमि से पैदा होती है. इसके लिए हीनता से ऊपर उठना पड़ता है. ईश्वर करे आप ऐसे ही ऊपर उठते रहें. रचना की आग से आप मुक्त हों, उसमें तपें नहीं. इसके लिए मेरी शुभकामनाएं. 

   एक-दो दिन बाद उनका ख़त आया. यह रहा उनका ख़त....आदरणीय सुभाष राय जी, मेरा परम सौभाग्य कि आप मेरे यहाँ पधारे. यहाँ आप का सदैव सच्चे हृदय से ससम्मान स्वागत है...और मैं आप को पूरे दायित्व के साथ आश्वस्त करता हूँ कि यहाँ किसी टुटपुंजिये को तो क्या किसी दिग्गज तुर्रम खां को भी हिमाकत से किसी को यह कहने की छूट नहीं है कि..ऐसी क्या गरज आन पड़ी कि आप यहाँ आन खड़े हुए. जैसा कि आप के यहाँ साखी पर मुझे कहा गया और आप खामोश रहे. आप कहते हैं..रचना की आग से आप मुक्त हों, उसमें तपें नहीं. साखी पर उपरोक्त तरीके से मुझे सम्मानित करने के बाद वहां ८-९ माह तक व्याप्त सन्नाटे के बाद आप ने चंद्रभान भारद्वाज जी की गजलें लगाईं. मैं भारद्वाज जी का प्रशंसक होने के उपरांत साखी पर प्रतिक्रिया देने आप की मेल मिलने के बावजूद इसलिए नहीं आया क्योंकि आऊँ तो फिर कोई किराये का गुंडा कह सकता है, ऐसी क्या गरज आन पड़ी की आप यहाँ आ खड़े हुए. उन्हीं भारद्वाज जी के ब्लाग पर लगी गजल की प्रतिक्रिया जो लिख कर आया हूँ, वह आप की उपरोक्त टिप्पणी का भी जवाब है. भारद्वाज जी के निम्नांकित शेर के साथ...
जिसकी नसों में आग का दरिया न बहता हो
काबिल भले हो वह मगर शायर नहीं होता 
रचना की आग से मुक्त होने, उसमें न तपने की नसीहत भोले लोग दे जाएँ तो क्या कीजे? निःसंदेह उनके लिए दुआओं के अलावा आप-हम क्या करें...शायरी आप की- हमारे रगों में जो है, आप जैसे सहृदयी गुणी को किसी और के पाप का उलाहना देते हुए मुझे बहुत अफ़सोस हो रहा है. इसके लिए मैं क्षमा प्रार्थी हूँ.   सादर, राजेन्द्र स्वर्णकार.
अब मैं आप को राजेन्द्र जी की उस टिप्पणी से भी रू-ब-रू कराता हूँ, जो प्रियवर उन्होंने भारद्वाज जी के ब्लाग पर दी--यह है.....आदरणीय चंद्रभान भारद्वाज जी ,सादर प्रणाम !
जिसकी नसों में आग....रग़ों में जो है. 
उमड़ीं घटायें जब कभी बिन प्यार के बरसीं
तन भीग जाता है मगर मन तर नहीं होता
हर शे'र उम्दा ! पूरी ग़ज़ल तारीफ़ के काबिल !
राजेन्द्र की चिट्ठी का जवाब मैंने उन्हें इस प्रकार भेजा. 
प्रिय राजेन्द्र, एक सच्चे रचनाकार को मानवीय सरोकारों से जुड़े रहना चाहिए पर मानवीय दुर्बलताओं  से मुक्त होने की कोशिश करनी चाहिए. कोई दुर्बलता है तो कोई बाधा है. मैंने तो सिर्फ सलाह दी, तय करना तुम्हारा काम है. तुम्हें किसी को भी हीनता की नजर से नहीं देखना चाहिए. यथासंभव विनम्रता और तीक्ष्णता से बड़ी से बड़ी आलोचना का जवाब दिया जा सकता है. शब्दों में मार-पीट की नौबत नहीं आनी चाहिए. साखी पर सब बोलते हैं, मैं चुप रहता हूँ, क्योंकि मैं मानता हूँ कि यहाँ आने वाले सभी तीखे से तीखे सवाल का भी जवाब दे सकते हैं. मैं किसी सरपंच की भूमिका में नहीं आना चाहता. साखी से कोई मेरी जीविका नहीं चलती है. लोग पसंद करते हैं, इसलिए मैं साखी को जिन्दा रखना चाहता हूँ. तुम आओगे तो अच्छा लगेगा, नहीं  आओगे तो बुरा नहीं लगेगा. बाकी मर्जी तुम्हारी. 

 मैंने इस प्रसंग की जानकारी कुछ मित्रों को भी दी. उनमें से एक ने मेरे लिए की गयी गुंडई का मेहनताना माँगा. पर मैं पहले राजेन्द्र जी से पूछ तो लूं कि मेरे दोस्त की गुंडई कितनी दमदार रही, मेहनताना कितना बनता है. 
खैर. आइये चर्चा चंद्रभान जी की गजलों की कर लें. रचनाकर्मी श्री दानिश जी ने कहा, वरिष्ठ और विद्वान् साहित्यकारों की महफिलों में  चन्द्र भान भारद्वाज जी का नाम बड़े ही अदब और अहतराम से लिया जाता है. उन्हें पढ़ना हर बार एक नया-सा तजुर्बा  रहता है, हमेशा इक नए अहसास से रु ब रु होना होता है. गीतकार रूप चन्द्र शास्त्री मयंक ने चंद्रभान भारद्वाज की ग़ज़लें पढ़वाने के लिए आभार जताया. कवि मदन मोहन शर्मा अरविन्द ने कहा, बाद की तीन गजलें पुर असर हैं, लेकिन पहली गजल में कुछ छूटता सा लग रहा है, शायद मुद्रण की त्रुटि हो. साखी की फिर से वापसी पर बधाई. रचनाकार सुनील गज्जाणी ने लिखा, सभी गजलें  उम्दा है , अच्छे शेर. मन को सुकून देने वाले. गीतकार अवनीश चौहान ने कहा,
जब किसी को प्यार की कोमल कसौटी पर कसो
बात में ठहराव नज़रों में रवानी देखना
सभी गज़लें यूँ तो अच्छी लगीं  किन्तु ऊपर की  पंक्तियाँ मन में पैठ बना गई. कवि जितेन्द्र जौहर के मुताबिक  पत्र-पत्रिकाओं में तो चन्द्रभान भारद्वाज जी को ख़ूब पढ़ा है, आज ‘साखी’ पर पढ़कर भी सुखद अनुभूति हो रही है। एक-से-बढकर-एक अशआर ...हार्दिक बधाई! प्रवासी रचनाकार देवी नागरानी ने कहा, हर बिम्ब जिन्दगी से जुड़ता हुआ, मन की तहों को झकझोरता हुआ लगता है.

गजलकार नीरज गोस्वामी के मुताबिक चन्द्र भान जी की ग़ज़लें महज़ ग़ज़लें नहीं हैं जीवन जीने की प्रेरणायें हैं...ज़िन्दगी के चटक और धूसर रंगों को वो बेहद सादा ज़बान में अपने अशआरों में ढाल देते हैं. मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा है और लगातार सीखता रहता हूँ...अपनी लेखनी से वो हमेशा चमत्कृत कर जाते हैं...उनकी चारों ग़ज़लें बेहद खूबसूरत हैं और मेरी कही बात की तस्दीक करती हैं. ईश्वर  से प्रार्थना करता हूँ कि वो सालों साल स्वस्थ रह कर इसी तरह अपनी ग़ज़लों से हमें राह दिखाते रहें. कवि राजेश उत्साही ने कहा,
हमने प्रस्ताव ठुकरा दिया इसलिए
प्यार भी मिल रहा था दया की तरह
चन्‍द्रभान जी का यह एक शेर ही यह बता देता है कि वे आमजन के खास शायर हैं। शायर मोहब्‍बत भी इज्‍जत और खुद्दारी के साथ करना चाहता है। वह किसी के रहमोकरम पर जिंदा नहीं रहना चाहता। यह भी नोट करने वाली बात है कि उनकी ग़ज़लों में मायूसी के साथ साथ उम्‍मीद भी है। और जो शायद उम्‍मीद बंधाए वह असली है।  तो ऐसे उम्‍मीद बंधाने वाले शायर को सलाम।

लन्दन से प्राण शर्मा जी ने लिखा, अच्छे भावों के लिए भारद्वाज जी को बधाई लेकिन पहली गजल में वे बहर निभा नहीं पाए हैं. कई मिसरे बेवजन हैं. भारद्वाज जी ने जवाब दिया लेकिन लिखने की त्रुटि स्वीकार की. भारद्वाज जी ने लिखा, भइ सुभाष राय जी, साखी में मेरी जो ग़ज़लें आपने प्रकाशित की हैं, उनमें पहली गज़ल के एक मिसरे में कुछ गलती रह गई है, जिसकी ओर भाई प्राण शर्मा जी ने संकेत किया है. असल में यह गलती मेरे लिखने में रह गई थी। यदि हो सके तो इस मिसरे को सुधारने की कॄपा करें। मिसरा निम्नानुसार है-
'भले मौसम बहारों का कभी नही आता '
'किसी की चाह की बगिया मगर हरी होती'


 ----------------------------------------- 
१८ जून को हरे प्रकाश उपाध्याय की कविताएँ

   

बुधवार, 18 मई 2011

चंद्रभान भारद्वाज की ग़ज़लें

चंद्रभान भारद्वाज किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं. गजलों की दुनिया में उनका एक बड़ा नाम है. ४ जनवरी १९३८ को इंदौर में जन्मे श्री भारद्वाज ने अपनी पढ़ाई-लिखाई आगरा विश्वविद्यालय और हिंदी साहित्य सम्मेलन प्रयाग से पूरी की. हिंदी गजलों को नयी ऊंचाई देने में उनके योगदान को सभी लोग स्वीकार करते हैं. वही सीधी-सादी बातें, जो सबके अनुभव में रहतीं हैं, भारद्वाज जी की कलम का स्पर्श पाते ही इस तरह चमक उठतीं हैं कि पाठक सम्मोहित हुए बगैर नहीं रहता. यहाँ प्रस्तुत हैं चंद्रभान भारद्वाज की चार गजलें---                           

                               (१)


बुझे दीये में भी इक बार रोशनी होती
किसी के नाम से यदि ज़िन्दगी जुड़ी होती

कड़कती धूप में तपता भले ही सिर अपना
मगर पाँवों के नीचे आज चाँदनी होती

भले मौसम बहारों का कभी नहीं आता
किसी की चाह की बगिया मगर हरी होती 

नज़र में दूर तक फैला सदा अँधेरा ही
मगर विश्वास की कोई किरण दिखी होती

डगर में पाँव के छाले कहीं पे सहलाने
किसी भी पेड़ की इक छाँह तो मिली होती

कभी  ये ज़िन्दगी ऐसे न धुँधवाती रहती
सुलगने  को कहीं थोड़ी हवा रही होती

जगह देती न 'भारद्वाज' को अगर दुनिया
नई दुनिया किसी दिल में अलग बसी  होती  

  (२)

फूस पर चिनगारियों का नाम हो जैसे
ज़िन्दगी दुश्वारियों का नाम हो जैसे

पेड़ जब होने लगे हैं छाँह के काबिल
हर तने पर आरियों का नाम हो जैसे

आह आँसू  करवटें तड़पन प्रतीक्षाएँ
प्यार ही सिसकारियों का नाम हो जैसे

कुर्सियों पर लिख रहे हैं लूट के किस्से
हर डगर पिंडारियों का नाम हो जैसे

नाम अपना भी वसीयत में लिखा था कल
आज सत्ताधारियों का नाम हो जैसे

दुश्मनी तो दुश्मनी है क्या कहें उसकी
यारियाँ गद्दारियों का नाम हो जैसे

लोग 'भारद्वाज' कहते हों भले जनपथ
पर वो अब अतिचारियों का नाम हो जैसे


 (३)

राह में जिसकी जलते शमा की तरह
वो गुजरता है पागल हवा की तरह

छलछलाते हैं आँसू अगर आँख में
पीते रहते हैं कड़वी दवा की तरह

करना मुश्किल उसे धड़कनों से अलग
प्राण लिपटे तने से लता की तरह

प्यार का पुट न हो ज़िन्दगी में अगर
तो वो लगती है बंजर धरा की तरह

इक नियामत सी लगती थी जो ज़िन्दगी
कट रही एक लम्बी सजा की तरह

उड़ गए संग झोंकों के बरसे बिना
जो  घुमड़ते रहे थे घटा की तरह

एक पत्थर की मूरत पसीजी नहीं
पूजते हम रहे देवता की तरह

हमने प्रस्ताव ठुकरा दिया इसलिए
प्यार भी मिल रहा था दया की तरह

सूझता ही न अब कुछ 'भरद्वाज' को
प्यार सिर पर चढ़ा है नशा की तरह 

(४)

आदमी की सिर्फ इतनी सी निशानी देखना
आग सीने में जली आँखों में पानी देखना

जब किसी को प्यार की कोमल कसौटी पर कसो
बात में ठहराव नज़रों में रवानी देखना

आँख के आगे घटा जो सिर्फ उतना सच नहीं
आँख के पीछे घटी वह भी कहानी देखना

वक़्त ने कितनी बदल डाली है सूरत आपकी
एलबम में अपनी तसवीरें पुरानी देखना

देखना क्या नफरतें क्या गफ्लतें क्या रंजिशें
जो किसी ने तुम पे की वह मेहरबानी देखना

गैर के दुःख दर्द अपनी खुशियाँ हर दम बाँटना
हर कदम पर ज़िन्दगी सुंदर सुहानी देखना

वक़्त 'भारद्वाज' अपने आप बदलेगा नज़र
बेटियों में शारदा कमला शिवानी देखना

संपर्क--०९८२६०२५०१६
------------------------------

शनिवार १८ जून को साखी पर 
हरे प्रकाश उपाध्याय की कविताएं

मंगलवार, 19 अप्रैल 2011

चंद्रभान भारद्वाज की गजलें साखी पर जल्द.

प्रिय भाई नीरज से माफी चाहूँगा कि उन्हें समेट नहीं पाया. कुव्वत नहीं जुटा पाया. कुव्वत है भी नहीं मुझमें उन जैसे सरल और विराट कवि को समेटने की. समय ने इस तरह बाँध रखा था कि छुड़ा नहीं सका खुद को. पर अब धीरे-धीरे वक्त मेरी पकड़ में आता जा रहा है, उसकी मेरे ऊपर पकड़ ढीली पड़  रही है. भाई अविनाश, राजेश उत्साही और अन्य मित्रों का आग्रह मुझे हमेशा जगाता रहा है. साखी को फिर से आप तक पहुँचाने को तैयार हो रहा हूँ. बहुत जल्द मेरे अग्रज और हिन्दी गजल में एक बड़ा नाम चन्द्रभान भारद्वाज की गजलों के साथ उपस्थित होऊंगा.  आप सब का पहले जैसा प्यार मिलेगा ऐसी उम्मीद है.

शुक्रवार, 8 अक्टूबर 2010

नीरज गोस्वामी की गजलें


  आप जानते हैं नीरज गोस्वामी को? अगर आप की दिलचस्पी शायरी में, कविता में है तो जरूर जानते होंगे| चौदह अगस्त उन्नीस सौ पचास को पठानकोट, जम्मू में जन्मे| वे खुद कहते हैं,  याने हम ताज़ा ताज़ा सठियाये हैं| स्थाई निवास जयपुर में|  इंजीनियरिंग  की पढ़ाई की, वर्तमान में भूषण स्टील लिमिटेड खोपोली, खंडाला के पास, में वाइस प्रेसिडेंट के पद पर कार्यरत हैं| साहित्य, सिनेमा, संगीत ,क्रिकेट, भ्रमण में रूचि है| साखी के लिए जब मैंने नीरज जी से परिचय माँगा तो उन्होंने सिर्फ इतना ही भेजा| मुझे लगा लोग कुछ और जानना चाहेंगे तो मैंने विस्तार से लिखने को कहा| पढ़िए उन्होंने क्या लिखा... भाई जान परिचय में क्या जानना चाहते हैं ये तो बताइए और वैसे भी परिचय पढ़ने की फुर्सत किसे होती है आज के ज़माने में। कोई फोटो देख ले वो ही गनीमत समझो फिर भी अगर आप कुछ विशेष जानकारी चाहते हैं तो लिख भेजें। अब और क्या परिचय दें सिवा इसके कि  हमने शायरी अभी  पिछले तीन साल से लिखनी शुरू की जबकि पढ़नी पचास साल पहले ही कर दी थी। इस लायक कभी कुछ लिखा नहीं कि  उसे किसी रिसाले या अखबार में छपने के लिए भेजते। किताब छपवाने जैसी खतरनाक बात कभी सोची नहीं, ये सोच कर कि  अगर कभी खुदा न खास्ता छप गयी तो पढ़ेगा कौन? पहले जब गज़लें लिखता था तो अपनी एक मात्र बीवी की शराफत का नाजायज फायदा उठा कर उसको सुनाया करता था, क्यूँ कि  बेटा बहू  ने पहले ही कह दिया था कि  पापा गाली दे दो लेकिन ग़ज़ल मत सुनाना। गरीब मजलूम बीवी के हमारी गज़लें सुनते-सुनते जब कान पकने लगे, सब्र का बाँध टूटता नज़र आया और बात तलाक तक पहुँचने की नौबत आ गयी तो एक शरीफ मित्र ने समझाया कि  भाई काहे नाहक सीधी-सादी एक मात्र बीवी की जान के पीछे पड़े हो| तुम्हारी ग़ज़लें यूँ तो कोई सुनेगा नहीं| ऐसा करो एक ब्लॉग खोलो और उस पर डाल दो| अगर कोई पढ़ कर नाराज़ भी हुआ तो ज्यादा से ज्यादा एक आध गाली लिख देगा लेकिन तुम्हारा घर तो नहीं टूटेगा। तब से अब तक ब्लॉग के माध्यम से भडांस निकल रहे हैं। और क्या बताएं...? भाई मैं तो इस भड़ास में गजल देखता हूँ| लीजिये उनकी भड़ास के चार अदद टुकड़े पेश हैं---
१.

मान लूँ मैं ये करिश्मा प्यार का कैसे नहीं
वो सुनाई दे रहा सब जो कहा तुमने नहीं

इश्क का मैं ये सलीका जानता सब से सही
जान दे दो इस तरह की हो कहीं चरचे नहीं

तल्ख़ बातों को जुबाँ से दूर रखना सीखिए
घाव कर जाती हैं गहरे जो कभी भरते नहीं

अब्र लेकर घूमता है ढेर-सा पानी मगर
फ़ायदा कोई कहाँ गर प्यास पे बरसे नहीं

छोड़ देते मुस्कुरा कर भीड़ के संग दौड़ना
लोग ऐसे ज़िंदगी में हाथ फिर मलते नहीं

खुशबुएँ बाहर से 'नीरज' लौट वापस जाएँगी  
घर के दरवाज़े अगर तुमने खुले रक्खे नहीं

२.
जड़ जिसने थी काटी प्यारे
था अपना ही साथी प्यारे

सच्चा तो सूली पर लटके
लुच्चे को है माफी प्यारे

उल्टी सीधी सब मनवा ले
रख हाथों में लाठी प्यारे

सोचो क्या होगा गुलशन का
माली रखते आरी प्यारे

इक तो राहें काटों वाली
दूजे दुश्मन राही प्यारे

भोला कहने से अच्छा है
दे दो मुझको गाली प्यारे

मन अमराई यादें कोयल
जब जी चाहे गाती प्यारे

तेरी पीड़ा से वो तड़पे
तब है सच्ची यारी प्यारे

तन्हा जीना ऐसा "नीरज"
ज्यूं बादल बिन पानी प्यारे


गूगल से साभार 
 ३.
तीर खंजर की ना अब तलवार की बातें करें
जिन्दगी में आइये बस प्यार की बातें करें

टूटते रिश्तों के कारण जो बिखरता जा रहा
अब बचाने को उसी घर बार की बातें करें

थक चुके हैं हम बढ़ा कर यार दिल की दूरियां
छोड़ कर तकरार अब मनुहार की बातें करें

दौड़ते फिरते रहें पर ये ज़रुरी है कभी
बैठ कर कुछ गीत की झंकार की बातें करें

तितलियों की बात हो या फिर गुलों की बात हो
क्या जरुरी है कि हरदम खार की बातें करें

कोई  समझा ही नहीं फितरत यहां इन्सान की
घाव जो देते वही उपचार की बातें करें

काश 'नीरज' हो हमारा भी जिगर इतना बड़ा 
जेब खाली हो मगर सत्कार की बातें करें

४.
दर्द दिल में मगर लब पे मुस्कान है
हौसलों की हमारे ये पहचान है

लाख कोशिश करो आके जाती नहीं
याद इक बिन बुलाई सी महमान है

खिलखिलाता है जो आज के दौर में
इक अजूबे से क्या कम वो इंसान है

ज़र ज़मीं सल्तनत से ही होता नहीं
जो दे भूखे को रोटी, वो सुलतान है

मीर, तुलसी, ज़फ़र, जोश, मीरा, कबीर
दिल ही ग़ालिब है और दिल ही रसखान है

पांच करता है जो, दो में दो जोड़ कर
आजकल सिर्फ उसका ही गुणगान है

ढूंढ़ता फिर रहा फूल पर तितलियां
शहर में वो नया है या नादान है

गर न समझा तो नीरज बहुत है कठिन
जान लो ज़िन्दगी को तो आसान है

संपर्क
neeraj1950@gmail.com, 

ब्लाग 
http://ngoswami.blogspot.com/

फोन : 9860211911



पता: नीरज गोस्वामी द्वारा भूषण स्टील लिमिटेड , 608, रीजेंट चेम्बर्स, नरीमन पोआइंट, मुंबई -400021 

गुरुवार, 7 अक्टूबर 2010

कैद सूरज के अब आजाद करावल जाए


साखी पर मनोज भावुक और उनकी भोजपुरी गजलों पर तो विद्वानों और रचना धर्मियों ने गहन चर्चा की ही, उनके बहाने भाषा-बोली के फर्क पर, विमर्श में गंभीरता और चुहलबाजी  के ताल-मेल पर, सलिल जी की बुद्धिसंपन्नता किंवा मूढ़ता पर और  चर्चा शब्द के लिंग पर भी जमकर माथापच्ची हुई| राजेश उत्साही की सलाह पर मुझे गुलमोहर  की छाया तले जाना पड़ा| मैंने गुलमोहर  के नीचे प्रेमियों को बैठते तो देखा-सुना था पर वहां तो भाषा के दंगाइयों से मुलाकात हुई| वहां झगडा इस बात पर हो रहा था कि चर्चा हुई ठीक है या चर्चा हुआ| समाधान भी था वहां पर, उर्दू में चर्चा होता है, हिंदी में चर्चा होती है| ऐसे कई शब्द हैं, जिनको लेकर उर्दू वाले हिंदी के लिंगबोध से सहमत नहीं हैं| ऐसे में यह सोचना कि इब्ने इंशा कमअक्ल थे, हमारी कमअक्ली के सिवा कुछ और नहीं होगा|  मैं तो यही कहूँगा कि साखी पर चर्चा रोचक भी रही(भी रहा नहीं ) और गंभीर भी| रोचक इस मायने में कि बीच-बीच में विषयांतर  होकर लोग एक-दूसरे से दिल्लगी भी करते रहे| मेरा मानना है कविता और शायरी की दुनिया के लोग बिना तंज और हंसी-मजाक के देर तक नहीं रह सकते|  ऐसे क्षणों का अपना आनंद होता है पर उनकी स्तरीयता भी अपेक्षित है| राजेश उत्साही इस मामले में हमेशा सजग रहते हैं। मैंने देखा है कि जब भी कोई भाषा में बेलगाम होने की कोशिश करता है, वे टोके बिना नहीं रहते|  जितेन्द्र जौहर ने जब कहा कि मेले में उतनी दूकानें नहीं आयीं...दूकानदारों की व्यस्तताएं होती हैं, तो राजेश ने उन्हें टोकने  में तनिक देरी नहीं की| चलो अच्छा हुआ कि जौहर साहब ने  इस चूक को हंसी-मजाक कहकर टाल दिया|

साखी पर पहली बार किसी क्षेत्रीय भाषा में गजलें आयीं थीं| मैं भोजपुरी को भाषा इसलिए कह रहा हूँ कि वह भाषा होने की सारी जरूरतें पूरा करती है| भाषा केवल वही नहीं है, जिसके पास अपनी लिपि है| इस तर्क पर तो मराठी और नेपाली को भाषा कहना मुश्किल हो जाएगा क्योंकि उनकी अपनी लिपि नहीं है, ये दोनों भाषाएँ देवनागरी लिपि का उपयोग करती हैं| भाषा होने के लिए सबसे आवश्यक शर्त है, उसके साहित्य की समृद्ध परंपरा और उसका अद्यतन प्रवाह| कभी ब्रज सबसे संपन्न भाषा हुआ करती थी, उसे अब भी साहित्य के इतिहास में भाखा कहा जाता है पर आज वह बोली है| वह निरंतरता ब्रज भाषा में कायम नहीं रह सकी| केवल भारत में ही नहीं कई देशों में भोजपुरी में साहित्य रचना हो रही है| यह अच्छी बात रही कि किसी हिन्दी वाले ने इसे बेगानी नहीं समझा, ऐसा नहीं लगा कि भोजपुरी किसी की समझ में न आयी  हो| शायर तिलकराज जी ने कहा, मैं भोजपुरी नहीं जानता लेकिन फिर भी कोई कठिनाई नहीं हुई, आखिर है तो हिन्‍दी ही। ग़ज़ल 2 में शेर 3 की पंक्ति 2 में 'बेहया' शब्‍द पर वज्‍़न की ऑंशिक समस्‍या लग रही है। इसी तरह ग़ज़ल 6 में शेर 7 की पंक्ति 2 में राज की जगह राज़ होना चाहिये, हो सकता है, यह टंकण त्रुटि रही हो। राज़ उर्दू से आया शब्‍द है इसलिये इसे यथावत लेना आवश्‍यक है। मनोज की ग़ज़लों में भाव और भाषा-प्रवाह स्‍पष्‍ट हैं और तेवर भी मुखर हैं।


जितेन्द्र जौहर ने बात आगे बढ़ायी|  'बेहया' शब्‍द पर वे तिलकराज जी से सहमत दिखे पर उनकी इस  बात से असहमत कि-- "ग़ज़ल 6 में शेर 7 की पंक्ति 2 में ’राज’ की जगह ’राज़’ होना चाहिये।" हिन्दी के ’राज’ और उर्दू के ’राज़’ में अर्थ का अंतर होने के बावजूद भी मैं कहना चाहूँगा कि भाषा सदैव संदर्भानुकूल अर्थ देती है। भोजपुरी में उर्दू से आयातित शब्दों पर नुक़्ता अपरिहार्य या आवश्यक नहीं है| ग़ौरतलब है कि मनोज भावुक ने ’राज़’ की जगह नुक़्ता-रहित ’राज’ का ही नहीं, प्रत्युत्‌ ’रोज’ , आखिर, खुशबू, इंतजार, जमीर, कसम, कैद, आजाद, वक्‍त, जमीन, कदम, गजल, जज्बात, दफ्न, यकीन आदि बहुत से उर्दू शब्दों का नुक़्ता-विहीन इस्तेमाल किया है। हाँ... कुछेक जगहों पर मनोज भाई ने नुक़्ता लगा दिया है। यहीं पर वे थोड़ी ग़लती कर गये। ‘भोजपुरी की आपन एक अलगै दुनिया बा|’ देखें.. ’ज़िन्दगी’ और ’हुज़ूर’ शब्दों के लिए भोजपुरी में क्रमशः ’जिनिगी’ और ’हजूर’ का प्रयोग| ’सिर्फ़’ के लिए ’सिरिफ’ का प्रयोग। ’दरिद्रता’ की जगह ’दलिद्दर’। कोई भी भाषा/ बोली उधार लिए गये शब्दों को अपने अनुकूल ढाल लेती है। उपर्युक्त शब्दावली भोजपुरी भाषा के अनुकूलन का ही परिणाम है।  'ग्रास' और ‘घास’, 'कैंडिल' और ‘कंदील’ तथा 'फिलासोफी ' और ‘फलसफा’ के रूपांतरण  से हम सभी परिचित हैं। हर भाषा में शब्द-संपदा के अनुकूलन की प्रक्रिया अनवरत्‌ चलती रहती है।  मनोज के  जो शे’र मेरे मन को गहरे तक छू सके, वे हैं:
1. भँवर में डूबियो के आदमी उबर जाला
मरे के बा तऽ ऊ दरिया किनारे मर जाला
2. बर्फ हs, भाप हs, पानी हs कि कुछुओ ना हs
जिन्दगी का हवे, ई राज बुझाते नइखे
३.जमीने प बा आदमी के वजूद
तबो मन परिन्दा उड़ावत रहल
4. रोशनी गाँव में, दिल्ली से ले आवल जाये
कैद सूरज के अब आजाद करावल जाये
इस शे’र का तो, भाई... कहना ही क्या ! कितनी सुन्दर बात कह गए आप !
5. बहुत बा लोग जे मरलो के बाद जीयत बा
बहुत बा लोग जे जियते में, यार, मर जाला

 
जौहर के स्पष्टीकरण के बाद तिलकराज जी ने कहा, मुझसे त्रुटि हुई 'राज' को भेद के रूप में पढ़ने की|  मैंने दूसरी पंक्ति का आशय यह लिया था कि 'जि़दगी क्‍या है, यह भेद समझ नहीं आता है'। जबकि अब इसका आशय मुझे समझ आया कि 'जिन्‍दगी क्‍या है; इस प्रश्‍न को ये शासन हल ही नहीं करता है'।  जौहर ने और स्पष्ट किया कि इस राज का मतलब रहस्य है, जिन्दगी क्या है, इसका रहस्य समझ में ही नहीं आता| 


शायर सर्वत जमाल साहब ने कहा कि मनोज 'भावुक' की  गज़लें, भोजपुरी में नि:संदेह एक नया फलक रचने की कोशिश कर रही हैं|. ताज़गी से भरी इन गज़लों में वो सब कुछ है, जिन्हें पढ़ने  की इच्छा एक पाठक को होती है| लेकिन अभी मनोज के लिए मेहनत ज़रूरी है| मनोज की गज़लों में कुछ शब्द खटकते हैं---आंगन, दरपन, मधुवन, सावन, खुश्बू, विश्वास, आदमी, रेत, बुनियाद, ज़मीर, श्रम, वजूद, परिन्दा, जज़बात---भोजपुरी  में इन शब्दों के साथ 'वा' का इस्तेमाल कर इनका भोजपुरीकरण कर लिया जाता है| गज़ल-3 मुझे माधव मधुकर की गज़ल के  भोजपुरी रूपांतरण जैसी  लगी| हो सकता है, मनोज को इसका इल्म न हो लेकिन वह एक मशहूर गज़ल है| फिर भी मैं यह कहने पर मजबूर हूं कि यह गज़लें भोजपुरी के लिए एक नई खिड़की  खोल रही हैं, जहां से हवा के ताज़ा झोंके आ रहे हैं| गज़ल को गज़ल के ही रूप में बांधे रखने की कला मनोज के पास है और शायद आने वाला वक़्त इन्हें भोजपुरी का 'दुष्यंत' के नाम से याद करे|


सलिल जी मैदान में आये| उन्होंने भाषा-बोली का सवाल उठाया| एक सामान्य प्रतिक्रिया सबसे पहले कि यह ग़ज़लें भोजपुरी की श्रेणी में रखी जाएँ कि नहीं? मैं जिस भाषा में लिखता हूँ, उसे कई लोग भोजपुरी या कुछ और कह देते हैं, जबकि मैंने स्वयं यह सफाई दी है कि यह कोई भाषा नहीं, बोली है| पूरी तरह हिंदी, सिर्फ बोलने के अंदाज़ में लिखी हुई| लिहाज़ा इसे बतियाना माना जाना चाहिए, लेखन नहीं|  यह ग़ज़लें अपनी तमाम ख़ूबसूरती के बावजूद यह एलान करती हैं कि यह हिंदी/उर्दू में सोची हुई ग़ज़लें हैं यानि मौलिक रूप से यह भोजपुरी की गज़लें नहीं हैं| इसका प्रमाण इस बात से भी मिलता है कि सारी गज़लों में उर्दू के कुछ ऐसे शब्दों का प्रयोग है, जो भोजपुरी का अंग नहीं हैं| अमीर खुसरो की कुछ गज़लें फ़ारसी और हिंदवी का अद्भुत मेल प्रस्तुत करती हैं, जहाँ मिसराएऊला फ़ारसी में और सानी हिंदवी में कहा गया है| आप फ़ारसी का मतलब तो समझ सकते हैं  मगर उसी बहर में उसे ग़ज़ल में तर्जुमा करके नहीं पिरो सकते, क्योंकि शेर का वज़न उसी ज़ुबान में आता है, जिसमें वह कही गई हो और बहर भी वैसे ही सम्भाली जा सकती है| एक शेर के माध्यम से अपनी बात स्पष्ट करने की कोशिश करता हूँ. मनोज जी ने कहाः
बचपन के हमरा याद के दरपन कहाँ गइल
माई रे, अपना घर के ऊ आँगन कहाँ गइल.

और यह देखिएः
बचपन की मेरी याद का दर्पन कहाँ गया,
माई री, अपने घर का वो आँगन कहाँ गया.

किसी भी शेर को आप उठा कर देखिए, उसे आप बहुत आसानी से बिना मेहनत हिंदुस्तानी ज़ुबान में लिखते चले जाएँगे| यही बात ख़ुद उनकी दूसरी ग़ज़ल के मतले से साबित होती है| ज़रा ग़ौर करें...
भँवर में डूबियो के आदमी उबर जाला
मरे के बा तऽ ऊ दरिया किनारे मर जाला.

ग़ज़ल को बहर में रखने के लिए मनोज जी ने इसमें “भँवर में डूबियो” लिखा है, जबकि भोजपुरी में यही शब्द “डुबियो” हो जाता है| अगर इसे भोजपुरी  में लिखा जाता तो शेर की बहर छोटी हो जाती लेकिन वो ऐसा नहीं कर पाए, क्योंकि उनकी सोच मूलतः हिंदी में थी| वैसे शायर ये ईमानदार हैं, मैं होता तो इस तरह बेईमानी कर जाताः
भँवर में डुबियो के अदमी कबो उबर जाला
मरे के बा तऽ ऊ दरिया किनारे मर जाला.

यहाँ “आदमी” को भोजपुरी के प्रचलित शब्द “अदमी” से बदल दिया है जो किसी भी पुरबिया व्यक्ति को आपत्तिजनक नहीं लगता और बहर के कारण कबो शब्द जोड़ना पड़ा| इन सबके बावजूद, मनोज जी की ग़ज़लें, एक युवा गज़लगो की क्षमता को स्थापित करती हैं | जितनी आसानी से इन्होंने इतने गहरे भाव बयान किए हैं, उनकी अद्भुत प्रतिभा का लोहा मनवाने को काफी है|  वे समस्त सम्मान, जो आपको मिले हैं, वह आपकी योग्यता का प्रमाण हैं और आपकी ग़ज़लें उसकी परिचायक हैं|


कवि संजीव गौतम ने कहा, मनोज जी की ग़ज़लें साखी पर प्रकाशित होना गर्व की बात है। सर्वत जी ने उनके लिए भोजपुरी का दुष्यन्त की संज्ञा दी है तो कुछ सोचकर ही दी है। ये ग़ज़लें एक सच्चे कवि की ग़ज़लें हैं। कुछ व्याकरणिक त्रुटियों की ओर भी विद्वानों ने इशारा किया है, लेकिन वो सब बेमानी है, क्योंकि ये ग़ज़लें इसका मौका नहीं देतीं। मैं तो सबसे पहले ग़ज़ल पढ़ते ही यह सोचने लगता हूं कि शायर ने इसे सोचा कहां से है। क्या किसी और का पढ़कर या वह जिन्दगी की पहेलियो को खुद सुलझाता है। अगर पहले वाली स्थिति पाता हूं तो उसकी कहन पर ध्यान जाता है कि उसने पहले ही हजार बार कही बात को कैसे कहा है। यदि दूसरी स्थिति पाता हूं तो सिर्फ वाह ही निकलती है और उसका मुरीद हो जाता हूं। मनोज जी ऐसे ही रचनाकार हैं जो अपनी नजर से इस दुनिया को देखते हैं। उनके ये अशआर इस बात के स्पष्ट प्रमाण हैं-

भँवर में डूबियो के आदमी उबर जाला
मरे के बा तऽ ऊ दरिया किनारे मर जाला
बहुत बा लोग जे मरलो के बाद जीयत बा
बहुत बा लोग जे जियते में, यार, मर जाला
बर्फ हs, भाप हs, पानी हs कि कुछुओ ना हs
जिन्दगी का हवे, ई राज बुझाते नइखे

ये ग़ज़लें उर्दू और हिन्दी के झगड़े का भी काफी हद तक उत्तर देती हैं| ये उर्दू की ग़ज़लें तो हैं नहीं, इसका अर्थ है कि फारसी और उर्दू के अतिरिक्त किसी और भाषा में भी ग़ज़लें सफलतापूर्वक कही जा सकती हैं। एक बड़ी मजेदार बात ध्यान में आ रही है कि ये सारी प्रतिभाएं नोएडा में क्यों एकत्रित होती जा रही हैं। अब देखिए न- अशोक रावत जी, सलिल वर्मा जी, आलोक श्रीवास्तव और अब मनोज जी। जिसे देखो वही नोएडा में निकलता है। क्या इसमें कुछ रहस्य है।  

संजीव की इस मधुर छेड़खानी से सलिल जी चुप नहीं रह सके, एक भूल सुधार की अनुमति चाहता हूँ... इस अनपढ़ का नाम (अभी अभी यह ख़िताब मिला है मुझे, या कहिए किसी ने पहली बार सही पहचाना है, इस बिहारी को) आपने प्रतिभावान लोगों में शामिल कर बड़ी भूल की है| अभी तक मुस्कुरा रहा हूँ आपकी इस टिप्पणी पर| जितेन्द्र जौहर भी लपके, .सलिल वर्मा जी (उर्फ़ ‘चला बिहारी...’), आप जैसे संतुलित/संयमित वाणी वाले व्यक्ति को किस ‘पढ़े-लिखे’ ने ‘अनपढ़’ कहा...हुज़ूर! मेरी राय में, यदि आप अनपढ़ हैं...तो फिर ‘पढ़ा-लिखा’ कौन है ? माहौल में चुहल की मिश्री घुली तो तिलकराज जी कैसे अपने को रोक पाते,  हुजूर 'नैन लड़ जइहैं तो मनवा मा कसक हुइवै करी' के ज़माने से हिन्‍दी के अन्‍य रूप सुनते आ रहें, अइसन बुडबक  न जानिये। इस तरह की गंभीर चर्चाओं में थोड़ी बहुत चुहल चलती रहनी चाहिये। वे बोले, भाषा का अपना व्‍याकरण और लिपि होना आवश्‍यक है जबकि बोली इनसे स्‍वतंत्र है|  पंजाबी मूल का होते हुए भी मेरे लिये पंजाबी और भोजपुरी एकसी हैं। दोनों में अर्थ समझ में आ जाता है, बोलते नहीं बनतीं। मनोज ने ऐसी रचनायें दी हैं कि कहने को कुछ छोड़ा ही नहीं, अब भाई कुछ न कुछ तो कहना ही पड़ेगा न, वरना ब्‍लॉग पर टिप्‍पणी-मेला कैसा लगेगा। लिव लाईफ़ किंग साईज़- जीवन के हर पल का आनंद लें।बस यहीं जौहर ने एक बखेड़ा खड़ा किया, हालाँकि बाद में उन्होंने अपनी गलती क़ुबूल की| उन्होंने कहा,  इस बार मेले में उतनी ‘दुकानें’ नहीं आयीं, जितनी कि आती रही हैं। ख़ैर...कभी-कभी ‘दुकानदारों’ की कुछ अन्य व्यस्तताएँ भी हो जाती हैं, संतुलन तो बनाना ही पड़ता है। राजेश उत्साही भाषा के संयम के प्रबल पक्षधर हैं, उन्होंने टोका, माफ करें जितेन्‍द्र जी, यहां जो लोग विमर्श कर रहे हैं वे 'दुकानदार' नहीं हैं। दुकानदार शब्‍द इस्‍तेमाल करके आप औरों के साथ-साथ अपना भी अपमान कर रहे हैं। आप जानते हैं दुकान में सामान बेचा जाता है। यहां कोई अपनी टिप्‍पणी बेचने नहीं आता है। तिलक जी ने मेले की बात की है। वह एक उत्‍सव की बात है। उसे आपको उसी संदर्भ में समझना चाहिए। जितेन्द्र ने गलती मानी, मैंने जानबूझकर हँसी-मज़ाक की मनःस्थिति में ‘दुकान/ दुकानदार’ शब्दों का प्रयोग किया है। आपकी बात पूरी तरह सही है। चूँकि डॉ.कपूर साहब मज़ाक में आ गये थे, सो मेरा भी मूड कर बन गया| उत्साही ने सचेत किया, कृपया साखी के इस मंच को मजाक और चुहल का मंच न बनाएं तो बेहतर होगा। यह एक सामूहिक विमर्श का मंच है। उन्होंने भाषा और बोली पर भी अपना मंतव्य  साफ़ किया, अब यह मान्यता पुरानी पड़ चुकी है कि भाषा और बोली अलग-अलग होती है या कि भाषा का व्या‍करण होता है और बोली का नहीं होता। मसला केवल लिपि का है। जिसकी लिपि है, उसे आप भाषा कहने लगते हैं। 

राजेश जी ने गजलों पर अपनी बात रखी, इसमें कोई शक नहीं है कि मनोज की ग़ज़लें उनके नाम के अनुरूप पढ़ने वाले को भावुक कर देती हैं पर मनोज मुझे दुविधाग्रस्त लगते हैं।  उनकी पहली ग़ज़ल केवल सवाल पूछती है, वह कोई उत्तर नहीं देती और न ही उत्तंर खोजने के लिए उकसाती है। दूसरी गजल में वे विरोधाभासी बातें कहते हैं। पहले यह शेर देखिए-
पता ई बा कि महल ना टिके कबो अइसन
तबो त रेत प बुनियाद लोग धर जाला और अब इसे पढ़ें- अगर जो दिल में लगन, चाह आ भरोसा बा
कसम से चाँद भी अँगना में तब उतर जाला
तीसरी ग़ज़ल में भी यही समस्या लगती है। पहले चार शेरों से बात जिस सकारात्मकता के साथ आगे बढ़ती है, वह अचानक ही पांचवे शेर में आकर बिखर जाती है। शायर गहरे अवसाद में भर जाता है। और फिर छठें  शेर में वह अचानक अपने पुराने रूप में लौट आता है।चौथी ग़ज़ल में ऐसा लगता है कि मनोज अपने को दुहरा रहे हैं। पांचवी ग़ज़ल में वे जिंदगी के फलसफे की बात करते नजर आए लेकिन छठवीं गजल फिर एक बार निराशा में ले गई। तिलकराज जी ने राजेश को स्पष्ट करने के कोशिश की, ग़ज़ल में हर शेर का स्‍वतंत्र अस्‍तित्‍व होता है, एक पूर्ण कविता की तरह लेकिन हिन्‍दी काव्‍य प्रस्‍तुति में विषय निरंतरता की प्रथा के कारण ग़ज़ल में दृष्टिकोण बदलने की आवश्‍यकता पर ध्‍यान नहीं जाता है। यह स्थिति ग़ज़ल कहने वाले के लिये भी होती है| ग़ज़ल की मूल प्रकृति के अनुसार मनोज भाई ने अगर एक ही ग़ज़ल के अलग-अलग अशआर में विरोधाभासी बातें कही भी हैं तो वह अनुमन्य  है। पर तुरंत ही उन्होंने अपने विचार संशोधित किये, किसी भी रचनाधर्मी की रचनाओं में उसकी सोच स्‍पष्‍टत: दिखनी चाहिये। यहॉं सोच की मौलिकता का भी प्रश्‍न है, मौलिक सोच की दिशा एक सी ही रहेगी, अलग-अलग सोच दिखने से आभासित होता है कि बहुत सी जगह से पढ़ा हुआ मसाला रचनाधर्मी ने अपने शब्‍दों में प्रस्‍तुत कर दिया है। बाद में जितेन्द्र जौहर ने गजल के शेरों में अलग-अलग भाव पूर्णता के साथ प्रकट होने की सार्थकता को विस्तार से समझाया। 
 सलिल जी की पीड़ा फिर उभरी, हम बिहारी तो वैसे भी मूढ़ता के पर्याय माने जाते रहे हैं,  इसलिए मुझे अगर किसी ने मूढ़ कह दिया होता तो मुझे न ऐतराज़ होता, न ताज्जुब. लेकिन मेरे लपेटे में इब्ने इंशाँ जैसे अज़ीम शायर को कमअक़्ल कह दिया जाना नाक़ाबिले-बर्दाश्त है| अफ़सोस रहा कि मेरी वज़ह से उस महान शायर की तौहीन हुई| राजेश ने स्पष्ट किया, सलिल भाई की टिप्‍पणी को समझने के लिए आपको मेरे ब्‍लाग गुलमोहर पर आना पडे़गा। गुलमोहर पर जाकर आप भी चर्चा की लिंग-चर्चा का आनंद उठा सकते हैं| यह पुल्लिंग है या स्त्रीलिंग? भाई यह उभयलिंग है| उर्दू में पुल्लिंग और हिन्दी में स्त्रीलिंग| सलिल जी कौन कहता है कि आप मूढ़ हैं या बिहारी मूढ़ होते हैं? बुद्धि तो बिहार के दामन में ही कैद है भाई मेरे| जितेन्द्र की बात सुनें, राजकुमार सिद्धार्थ ने ’मूढ़ता’ की उसी धरती पर ’बोध’ पाया था| इसी धरती का  ’नालंदा विश्वविद्यालय’ दुनिया को रोशनी बाँटता था। सलिल द्रवित हो गये, भावुक हूँ इसलिए संयम न रख पाया, व्यथित था इसलिए असंदर्भ लिख गया| मनोज भावुक जी से क्षमा प्रार्थी हूँ कि मेरी बातों से दिशा भटक गई| 
 
जाने-माने शायर प्राण शर्मा जी और डा त्रिमोहन तरल भी आये| प्राण जी ने सारी गजलें पढ़ी   और जितेन्द्र जौहर की समीक्षा की तारीफ़ की| अच्छी और मर्मस्पर्शी गजलों के लिए उन्होंने मनोज भावुक को बधाई दी| साथ ही साथ यह भी कहा कि गजल का हर एक शेर स्वतंत्र होता है| गजल में एक शेर विरह पर भी कहा जा सकता है और दूसरा शेर संयोग पर भी| विभिन्न भावों से पिरोई होती है गजल की माला|  तरल जी ने कहा, किसी बागीचे की बगल से गुज़रते हुए कोई खुशगवार गंध नासिका-द्वार से होती हुई जब मन के भीतर अपना स्थान बना लेती है तो मन का स्वामी ये नहीं पूछता कि जिन फूलों से ये गंध आ रही है, उनका नाम क्या है। युवा रचनाकार मनोज भावुक की गज़लें गज़लियत की कसौटी पर कितनी खरी उतरतीं हैं, यह तो ग़ज़ल के तमाम बड़े उस्ताद ही जानें, लेकिन इतना कहना चाहता हूँ की मैंने भोजपुरी में गज़लें पहली बार पढ़ीं हैं और कई दूसरे लोगों की तरह ही मैं भी भोजपुरी नहीं जानता। बावजूद इसके इन्हें पढ़कर  तबियत प्रसन्न हो गयी। 
अबकी दियरी के परब अइसे मनावल जाए
मन के आँगन में एगो दीप जरावल जाए
रौशनी गाँव में, दिल्ली से ले आवल जाए
कैद सूरज के अब आजाद करावल जाए
हिन्दू, मुस्लिम ना, ईसाई ना, सिक्ख ई भाई
अपना औलाद के इन्सान बनावल जाए
ऐसे अशआर किसी भी भाषा में लिखे हुए हो सकते हैं। फर्क इससे नहीं पड़ता। फर्क इससे पड़ता है कि वे सीधे दिल में उतर रहे है या नहीं। मनोज भाई के शेर सीधे दिल में उतरकर अपनी गुणवत्ता सिद्ध कर रहे हैं।
कवि सुरेश यादव ने कहा कि मनोज भावुक की गज़लें पहली बार पढ़ने का अवसर मिला| भोजपुरी मुझे नहीं आती लेकिन इन ग़ज़लों का भावनात्मक बहाव ऐसा कि भाषा की दीवार महसूस ही नहीं होती है| संवेदना की दृष्टि से इन ग़ज़लों में आधुनिकता की आवाज़ है और मानवता की धड़कन है जो माटी की सोंधी गंध लिए है| बहस में शिरकत करके उत्साह बढ़ाने वालों में अरविन्द मिश्र, वेद व्यथित, दिगम्बर नासवा, स्वप्निल कुमार आतिश, राजेन्द्र स्वर्णकार और अविनाश वाचस्पति महत्वपूर्ण रहे। 
मनोज भावुक ने विनम्रतापूर्वक सभी सवालों के जवाब दिए|  भावुक ने कहा, बड़े भाई डा. सुभाष राय ने मुझे अपने दिल में और साखी पर जगह दी, मै उनका शुक्रगुजार हूँ|. साखी पर आना गर्व की बात है| मनोज ने साफ किया कि  'बेहया' शब्‍द में दरअसल टंकण त्रुटि है| भोजपुरी में यह शब्द ' बेहाया' होता है| शेर कुछ यूं है -
जमीर चीख के सौ बार रोके-टोकेला
तबो त मन ई बेहाया गुनाह कर जाला  भोजपुरी में हम नुक्ता  नहीं लगाते, इसलिए यह राज ही है, जिसका अर्थ है रहस्य| मेरी गजलों में जहाँ कहीं भी नुक़्ता लगा है, वह टंकण त्रुटि है| ऐसा किसने कहा कि 'वा' का इस्तेमाल कर के इनका भोजपुरीकरण कर लिया जाता है? जब हम भोजपुरी नाटक में किसी अनपढ़ आदमी के लिए संवाद लिखते हैं तो ऎसी भाषा का प्रयोग करते हैं | गजल और गीतों की भाषा अलग होती है| गजल में हम आदमी को अदमी और प्रेम को परेम नहीं लिखते| माधव मधुकर जी की वह गजल मै पढ़ना चाहूंगा| कृपया उस गजल को साखी पर प्रकाशित करें| सर्वत जी ने मुझे भोजपुरी का 'दुष्यंत' सम्बोधित किया है, शुक्रिया, भगवान करें ऐसा हो| सलिल जी  ये भोजपुरी गजलें हीं है|  मै भोजपुरी में ही सोचता हूँ| भोजपुरी मेरी मातृभाषा है | उर्दू या अंग्रेजी के कुछ शब्द आ जाने से ये गजलें उस भाषा की नहीं हो जातीं| मेरा मानना है भाषा की समृद्धि  के लिए रचनाओं में अन्य भाषाओं के उन शब्दों का प्रयोग होना चाहिए, जो भोजपुरी में रच-बस गये हैं| डूबियो शब्द सही है और भोजपुरी में डूबियो हीं लिखा जाता है| हम आदमी को आदमी हीं लिखते हैं अदमी नहीं| मै फिर कह रहा हूँ कि मै अभी गजल का विद्यार्थी हूँ| आप सबने जो रास्ता दिखाया है, उस पर चलने की कोशिश करूंगा| जो त्रुटियाँ रह गयीं हैं,उनको ठीक करूंगा| एक भोजपुरी गजल-संग्रह प्रकाशित है ' तस्वीर जिन्दगी के' उसका लिंक दे रहा हूँ, ताकि आप भोजपुरी गजलों का आस्वादन कर  सकें...
http://www.manojbhawuk.com/old/jindgi6.htm            
शनिवार को नीरज गोस्वामी की गजलें -------------------------------------------

हां, आज ही, जरूर आयें

 विजय नरेश की स्मृति में आज कहानी पाठ कैफी आजमी सभागार में शाम 5.30 बजे जुटेंगे शहर के बुद्धिजीवी, लेखक और कलाकार   विजय नरेश की स्मृति में ...